Wednesday, March 11, 2026

पीएम से मुलाकात के बाद कैबिनेट बैठक, मंत्रिमंडल बदलाव की अटकलें बढ़ीं

जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को राजस्थान की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे से लौटने के तुरंत बाद कल 3 दिसंबर को कैबिनेट बैठक बुलाए जाने से अटकलों को और बल मिल गया है।

सूत्रों के अनुसार सीएम भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री मोदी के बीच दो अहम मुद्दों  प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन और मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा हुई। 10 दिसंबर को जयपुर में होने वाले पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस सम्मेलन के लिए सीएम ने प्रधानमंत्री को औपचारिक तौर पर आमंत्रित किया। यह कार्यक्रम जेईसीसी सभागार में होगा। राजस्थान सरकार ने पिछले साल राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने का निर्णय लिया था। दुनियाभर में बसे राजस्थानियों को एक मंच पर लाना और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। पिछले साल समिट का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया था।

दूसरे अहम मुद्दे राजस्थान में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं को पीएम-सीएम मुलाकात ने नई गति दे दी है। माना जा रहा है कि भजनलाल शर्मा ने प्रस्तावित बदलावों का खाका प्रधानमंत्री को सौंपा है। हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही मंत्रिमंडल में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी 1 दिसंबर को संकेत देते हुए कहा था कि यह एक प्रक्रिया है, थोड़ा इंतजार करना चाहिए। करीब दो साल होने को हैं लेकिन राजस्थान में अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार और कई राजनीतिक नियुक्तियां बाकी हैं। छत्तीसगढ़ में विस्तार पहले ही हो चुका है, जबकि राजस्थान व मध्यप्रदेश में चर्चा जारी है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि गुजरात मॉडल की तरह यहां भी बड़ा चेहरा परिवर्तन हो सकता है।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ नई टीम की घोषणा कर चुके हैं, अब पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को राजनीतिक नियुक्तियों के माध्यम से एडजस्ट किए जाने की संभावना है। सीएम ने बुधवार दोपहर 3 बजे सचिवालय में कैबिनेट बैठक बुलाई है। इसके तुरंत बाद 4 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। लगातार बैठकों ने भी अटकलों को और तेज कर दिया है।

सीएम भजनलाल शर्मा पांच दिन में दूसरी बार दिल्ली गए हैं। 28 नवंबर को उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की थी। सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर प्रस्तावित बाड़मेर रिफाइनरी का उद्घाटन फिलहाल टल गया है।
इससे पहले 13 नवंबर को दिल्ली दौरे के बाद ही मुख्य सचिव स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ था। पीएम से मुलाकात, कैबिनेट बैठक और लंबित नियुक्तियों के बीच अब राजस्थान में राजनीतिक हलचल और तेज होना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles