मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में जैन समाज और जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में हुए आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में आचार्य श्री सौरभ सागर महाराज जी के मंच पर मंगल आगमन के साथ श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति के जयकारे लगाए। इसके बाद पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की गई। आचार्य श्री ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रद्धालुओं को सन्मार्ग, धर्म और समाज सेवा के पथ पर चलने का संदेश एवं मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से मंत्री श्री असीम अरुण जी को आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई। जैन समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की।
अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और सम्मान के लिए जैन समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जैन समाज की अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवनशैली की प्रशंसा करते हुए शिक्षा, चिकित्सा, परोपकार एवं समाज कल्याण में उसके योगदान को अतुलनीय और अनुकरणीय बताया।
मंत्री जी ने कहा कि जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज के जनहितैषी प्रयासों, उत्थान एवं कल्याणकारी कार्यों में सदैव सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, श्री सुरेंद्र जैन, श्री योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर श्री नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ
